रविवार, 17 मई 2026

दिल्ली-NCR में CNG ने फिर दिया महंगाई का झटका, दो दिनों में दूसरी बार बढ़े दाम!!

शेयर करें:

दिल्ली-NCR में CNG ने फिर दिया महंगाई का झटका, दो दिनों में दूसरी बार बढ़े दाम!!

!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//दिल्ली-NCR में बढ़ती महंगाई के बीच आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। शनिवार से CNG की कीमतों में फिर इजाफा कर दिया गया है। राजधानी दिल्ली में अब CNG ₹80.09 प्रति किलो के हिसाब से मिलेगी, जबकि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में इसकी नई कीमत ₹88.70 प्रति किलो हो गई है।

सबसे अहम बात यह है कि पिछले दो दिनों के भीतर यह दूसरी बार है जब CNG के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 15 मई को भी कंपनियों ने ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी। अब ताजा बढ़ोतरी के बाद वाहन चालकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय माना जा रहा है।

लगातार बढ़ती कीमतों ने खास तौर पर ऑटो, टैक्सी, कैब और छोटे कमर्शियल वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है। उनका कहना है कि पहले ही कमाई और खर्च के बीच संतुलन बनाना मुश्किल हो रहा था, ऊपर से बार-बार बढ़ रहे ईंधन के दामों ने हालात और कठिन कर दिए हैं। कई चालकों ने किराया बढ़ाने की जरूरत भी जताई है।

CNG के दाम बढ़ने का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सीधा असर आम यात्रियों की जेब पर भी पड़ सकता है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ऑटो और टैक्सी किराए में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, जिससे रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों का बजट प्रभावित होगा।

दिल्ली-NCR में बड़ी संख्या में लोग CNG वाहनों का इस्तेमाल करते हैं क्योंकि इसे पेट्रोल और डीजल के मुकाबले सस्ता और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प माना जाता है। लेकिन लगातार बढ़ती कीमतों ने अब इस राहत को भी कम करना शुरू कर दिया है।

महंगाई के इस दौर में लगातार बढ़ रहे ईंधन के दाम आम आदमी की मुश्किलें बढ़ाते नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों के साथ अब सफर करना भी महंगा होता जा रहा है, जिसका असर सीधे घरेलू बजट पर पड़ रहा है।।