रविवार, 17 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: तेज रफ्तार कार का कहर, चार लोग घायल,मृदुल तिवारी ने दिखाई इंसानियत, घायलों को पहुंचाया अस्पताल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: तेज रफ्तार कार का कहर, चार लोग घायल,मृदुल तिवारी ने दिखाई इंसानियत, घायलों को पहुंचाया अस्पताल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को सफीपुर के पास एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि कार चालक वाहन सहित फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परिवार सड़क किनारे खड़ा था तभी तेज गति से आ रही कार अनियंत्रित होकर लोगों को टक्कर मारते हुए निकल गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घायल लोग सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी गई।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे मृदुल तिवारी ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए तुरंत अपनी गाड़ी रोकी और घायलों को बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि समय पर अस्पताल पहुंचने से घायलों को तत्काल इलाज मिल सका।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हादसे के बाद का मंजर दिखाई दे रहा है, जहां लोग घायलों की मदद करते नजर आ रहे हैं। वहीं मृदुल तिवारी के इस मानवीय कदम की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार कार चालक की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है।

यह मामला नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।