मऊ :
मृतक के परिवार से मिले मंत्री अनिल राजभर, बोले- दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के ढोलवन गांव में 28 मई की रात हुई रामजनम राजभर की हत्या के मामले में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बताया जाता है कि रामजनम राजभर बाजार से आटा लेकर अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि इस जघन्य हत्या में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से बात कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री को भी पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है।
मंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि परिवार बेहद साधारण परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहा है, इसलिए उन्हें सरकारी आवास सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान मंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि राजभर समाज और अति पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में राजभर समाज के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की कड़ी निंदा की जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि यह एक सुनियोजित और टारगेटेड हत्या प्रतीत होती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं, पीड़ित परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और न्याय की मांग की है।
