लखनऊ :
ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति कैंसर संस्थान कर रहा जागरूक।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान के पब्लिक हेल्थ विभाग द्वारा शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टुडियागंज, लखनऊ में स्तन कैंसर जांच एवं कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सी.एच.सी टुडियागंज की अधीक्षक डॉ. गीतांजलि सिंह, संस्थान की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आयुष लोहिया, नर्सिंग ऑफिसर प्रिया सचान एवं कशिश कश्यप सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं आमजन को स्तन कैंसर के प्रमुख जोखिम कारकों, शुरुआती लक्षणों एवं समय पर जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। बताया गया कि स्तन या बगल में गांठ होना, स्तन के आकार या आकृति में बदलाव, निप्पल से असामान्य स्राव या रक्तस्राव, स्तन की त्वचा में सिकुड़न, लालिमा अथवा निप्पल का अंदर धंसना स्तन कैंसर के संभावित लक्षण हो सकते हैं। साथ ही यह भी बताया गया कि बिना दर्द वाली गांठ को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. आयुष लोहिया ने कहा कि समय पर पहचान और सही जानकारी से स्तन कैंसर के उपचार के परिणामों में काफी सुधार संभव है। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में नर्सिंग ऑफिसर कशिश कश्यप एवं प्रिया सचान ने प्रतिभागियों को स्क्रीनिंग की तथा महिलाओं को आगे बढ़कर स्तन कैंसर जांच कराने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं समाज में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, भ्रांतियों को दूर करना तथा समय पर जांच एवं उचित उपचार के लिए प्रेरित करना था।
