शनिवार, 9 मई 2026

लखनऊ : CHC मोहनलालगंज में किशोरियों को मुफ्त लगेगी एचपीवी वैक्सीन,होगी गम्भीर बिमारी से बचाव।।||Lucknow : Adolescent girls will receive the HPV vaccine free of charge at CHC Mohanlalganj, protecting them from serious illnesses.||

शेयर करें:
लखनऊ  : 
CHC मोहनलालगंज में किशोरियों को मुफ्त लगेगी एचपीवी वैक्सीन,होगी गम्भीर बिमारी से बचाव।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मोहनलालगंज में  विशेष टीकाकरण अभियान शुभारंभ होगा । सर्वाइकल कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों से बचाव होगा।
विस्तार : 
 किशोरियों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने के लिए मोहनलालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन का नि:शुल्क टीकाकरण शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सप्ताह में चार दिन टीका लगाया जाएगा।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिवाकर भारद्वाज ने बताया कि सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को सीएचसी में किशोरियों का एचपीवी वैक्सीनेशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन खासतौर पर सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में बेहद प्रभावी मानी जाती है। इसके अलावा यह महिलाओं में होने वाले कई अन्य संक्रमण और स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के खतरे को भी कम करती है।
अधीक्षक डॉ. दिवाकर भारद्वाज ने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र किशोरियों का समय से टीकाकरण जरूर कराएं, ताकि भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव संभव हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि जो लोग किसी कारणवश सीएचसी तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे अपनी क्षेत्रीय आशा बहू या एएनएम से संपर्क कर टीकाकरण की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचपीवी वायरस महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। समय पर वैक्सीनेशन से इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान किशोरियों के बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।