गौतमबुद्धनगर:असंगठित श्रमिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा अभियान को मिली नई ताकत, जिला प्रशासन और CGF ने किया अहम एमओयू!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 13 मई 2026।
असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों और वंचित समुदायों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जिला प्रशासन और सम्यक–कलेक्टिव गुड फाउंडेशन (CGF) के मध्य पांच वर्षों के लिए एक अहम एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
यह समझौता जिले में असंगठित श्रमिकों तक स्वास्थ्य सेवाओं, जागरूकता कार्यक्रमों तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। प्रशासन और संस्था मिलकर स्वास्थ्य एवं कल्याण सेवाओं को अधिक समावेशी, सुलभ और समुदाय-केंद्रित बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।
एमओयू के तहत श्रमिक परिवारों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। इसके अलावा पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे, ताकि असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा का बेहतर लाभ मिल सके।
इस पहल की खास बात यह है कि श्रमिक परिवारों की महिलाओं को चिकित्सा उपकरणों के उपयोग और प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद ये महिलाएं “साधिका” यानी महिला स्वास्थ्य उद्यमी के रूप में कार्य करेंगी। इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा और वे अपने परिवार व समुदाय को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और निरंतर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएंगी।
अधिकारियों ने कहा कि यह पहल बेहतर संस्थागत समन्वय और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से श्रमिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को नई मजबूती प्रदान करेगी। साथ ही यह मॉडल स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में भी कारगर साबित होगा।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री सहित सम्यक–कलेक्टिव गुड फाउंडेशन की ओर से डॉ. विभोर कुमार, गरिमा सिंह, अरमान चौधरी, इप्सिता द्विवेदी तथा एल्बिन मैथ्यू उपस्थित रहे।।
