शनिवार, 9 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-45 सदरपुर में बदमाशों का तांडव: नई थार रॉक्स के शीशे तोड़ उड़ाए दो लाख रुपये, CCTV में कैद हुई वारदात!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-45 सदरपुर में बदमाशों का तांडव: नई थार रॉक्स के शीशे तोड़ उड़ाए दो लाख रुपये, CCTV में कैद हुई वारदात!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के सेक्टर-45 सदरपुर स्थित शर्मा मार्केट इलाके में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आए कि देर रात खड़ी नई थार रॉक्स गाड़ी को निशाना बनाते हुए उसके आगे, पीछे और साइड के सभी शीशे तोड़ दिए गए। इतना ही नहीं, गाड़ी में रखे करीब दो लाख रुपये लेकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें दो से तीन युवक गाड़ी में तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। मामला थाना सेक्टर-39 क्षेत्र का बताया जा रहा है।

पीड़िता के अनुसार, बीते दिन उसके छोटे भाई की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। भाई की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसे तत्काल इलाज के लिए मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया। ऑपरेशन और अन्य मेडिकल खर्चों के लिए परिवार करीब दो लाख रुपये साथ लेकर गया था। अस्पताल में कुछ रकम खर्च होने के बाद बची हुई नकदी गाड़ी में रख दी गई थी।

परिजनों ने नई थार रॉक्स गाड़ी को सेक्टर-45 सदरपुर स्थित शर्मा मार्केट के पास खड़ा कर दिया था। आरोप है कि रात करीब 12:30 बजे से 1:00 बजे के बीच बदमाश मौके पर पहुंचे और गाड़ी के राइट साइड समेत आगे और पीछे के शीशे तोड़ डाले। इसके बाद गाड़ी में रखी नकदी लेकर आरोपी फरार हो गए।

पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो उसमें दो से तीन युवक वारदात को अंजाम देते दिखाई दिए। वहीं स्थानीय लोगों ने फुटेज देखकर एक आरोपी की पहचान विशाल उर्फ ढोला शर्मा निवासी सदरपुर के रूप में होने का दावा किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी हिस्ट्रीशीटर प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके साथ उसका एक अन्य साथी भी वारदात में शामिल था।

घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में देर रात असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस गश्त प्रभावी नजर नहीं आती। लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है।

सूचना मिलने पर थाना सेक्टर-39 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं पीड़ित परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।।