शुक्रवार, 8 मई 2026

गौतमबुद्धनगर:“जल्दी सेवा-पानी कर चल…”: नोएडा में डायल-112 पुलिस पर रिश्वतखोरी का आरोप, ऑटो चालक से 5 हजार मांगने का वीडियो वायरल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर:“जल्दी सेवा-पानी कर चल…”: नोएडा में डायल-112 पुलिस पर रिश्वतखोरी का आरोप, ऑटो चालक से 5 हजार मांगने का वीडियो वायरल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा में डायल-112 पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सेक्टर-62 स्थित डी पार्क के पास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर डायल-112 पुलिसकर्मी एक ऑटो चालक से 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी कथित रूप से ऑटो चालक से कहता सुनाई दे रहा है, “जल्दी सेवा, पानी कर चल… समझा करो साहब, स्टॉफ का मामला है।” वीडियो में पुलिसकर्मी गाड़ी के अंदर बैठकर पैसों की बातचीत करता नजर आ रहा है। आरोप है कि सेक्टर-62 डी पार्क के पास डायल-112 पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मी वाहन चालकों और ऑटो चालकों से खुलेआम अवैध उगाही कर रहे थे।

वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी। लोगों का कहना है कि जिस डायल-112 सेवा को आम जनता की सुरक्षा और तत्काल सहायता के लिए बनाया गया है, यदि उसी सेवा से जुड़े पुलिसकर्मी रिश्वतखोरी में लिप्त पाए जाते हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है। कई लोगों ने इसे “भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस” के दावों पर बड़ा सवाल बताया है।

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है। हालांकि अभी तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार वीडियो की जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों की पहचान की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई संभव मानी जा रही है।

फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पूरे मामले में पारदर्शी जांच तथा सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।।