“जल्दी सेवा-पानी कर चल…” वीडियो पर गौतमबुद्धनगर पुलिस का एक्शन, मेरठ के पुलिसकर्मी पर दर्ज होगा मुकदमा!!
दो टूक//Gautam Buddh Nagar Police ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे रिश्वतखोरी के वीडियो का संज्ञान लेते हुए बड़ा कदम उठाया है। डायल-112 पीसीआर पर तैनात पुलिसकर्मी द्वारा ऑटो चालक से कथित तौर पर 5 हजार रुपये मांगने के वायरल वीडियो के बाद पुलिस विभाग हरकत में आ गया है। मामले में संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला पीआरवी कर्मी मूल रूप से Meerut जनपद से श्रमिक एवं शांति व्यवस्था ड्यूटी के लिए Noida आया था। वीडियो सामने आने के बाद गौतमबुद्धनगर पुलिस ने पूरे मामले की जांच की और प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ को भी रिपोर्ट भेज दी गई है, ताकि संबंधित कर्मी के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार और अवैध उगाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कथित पुलिसकर्मी ऑटो चालक से “जल्दी सेवा-पानी कर चल” और “स्टॉफ का मामला है” जैसी बातें कहते हुए नजर आ रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली और डायल-112 जैसी महत्वपूर्ण पुलिस सेवा की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे।
अब गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा त्वरित संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज करने और संबंधित कर्मी के खिलाफ रिपोर्ट भेजने की कार्रवाई को विभाग की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
