बुधवार, 13 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: शाहबेरी में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, ओवररेटिंग और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: शाहबेरी में जिलाधिकारी का औचक निरीक्षण, ओवररेटिंग और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

कंपोजिट शॉप नंबर-1 पर व्यवस्थाओं की जांच, पीओएस मशीन से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 13 मई 2026।
जनपद में मदिरा दुकानों पर पारदर्शिता और शासन की गाइडलाइन के पालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ने बुधवार को शाहबेरी स्थित क्रॉसिंग रोड, ग्रेटर नोएडा में संचालित कंपोजिट शॉप नंबर-1 का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दुकान पर संचालित व्यवस्थाओं, लाइसेंस संबंधी अभिलेखों, मूल्य सूची, सीसीटीवी कैमरों तथा पीओएस मशीन के माध्यम से की जा रही बिक्री की गहनता से जांच की गई।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दुकान पर सभी व्यवस्थाएं शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की जांच की और निर्देशित किया कि कैमरों की रिकॉर्डिंग लगातार संचालित रहनी चाहिए ताकि किसी भी शिकायत या अनियमितता की स्थिति में रिकॉर्ड उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने पीओएस मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे बिक्री प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनी रहे।

जिलाधिकारी ने ओवररेटिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और विक्रेताओं को कड़े निर्देश दिए कि निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर मदिरा बिक्री किसी भी परिस्थिति में न की जाए। उन्होंने कहा कि सभी दुकानों पर मूल्य सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित होना अनिवार्य है और उपभोक्ताओं से केवल शासन द्वारा निर्धारित दरों पर ही बिक्री सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी दुकान पर ओवररेटिंग, अनियमितता अथवा उपभोक्ताओं से संबंधित शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे।।