गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में लगेगा शिक्षा का महाकुंभ, 14 से 16 मई तक भारत शिक्षा एक्सपो-2026 में मिलेगा करियर और भविष्य का रोडमैप!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। कक्षा 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद लाखों छात्र-छात्राएं अपने भविष्य को लेकर सबसे अहम फैसले लेने की तैयारी में जुट जाते हैं। ऐसे समय में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को सही दिशा देने के उद्देश्य से 14 से 16 मई 2026 तक ग्रेटर नोएडा के India Expo Centre & Mart में “भारत शिक्षा एक्सपो-2026” का भव्य आयोजन किया जाएगा।
बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे ने बताया कि भारत शिक्षा एक्सपो का यह तीसरा संस्करण विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, करियर काउंसलिंग और उच्च शिक्षा के अवसरों का व्यापक मंच साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह एक्सपो विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है, जिन्होंने 12वीं की परीक्षा दी है और अब सही कॉलेज, विश्वविद्यालय और प्रोफेशनल कोर्स की तलाश में हैं।
उन्होंने कहा कि यह एक्सपो केवल 12वीं के विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं भी यहां करियर विशेषज्ञों से व्यक्तिगत मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। विद्यार्थियों को स्ट्रीम चयन, भविष्य की संभावनाओं और बदलते शिक्षा परिदृश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
देश-विदेश के संस्थान होंगे शामिल
भारत शिक्षा एक्सपो-2026 में देश और विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय, कॉलेज, स्कूल, एडटेक कंपनियां, स्किल डेवलपमेंट संस्थान, स्टडी-अब्रॉड कंसल्टेंट्स और शिक्षा सेवा प्रदाता एक ही मंच पर जुटेंगे। यहां आने वाले विद्यार्थियों और अभिभावकों को सीधे विशेषज्ञों और संस्थानों के प्रतिनिधियों से संवाद करने का अवसर मिलेगा।
एक्सपो में इंजीनियरिंग, मेडिकल, लॉ, मैनेजमेंट, डिजाइन, लिबरल आर्ट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस और व्यावसायिक शिक्षा जैसे अनेक क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही छात्र विभिन्न संस्थानों की तुलना कर सकेंगे, प्रवेश प्रक्रिया को समझ पाएंगे और छात्रवृत्ति से जुड़ी जानकारी भी हासिल कर सकेंगे।
विश्व गुरु सम्मेलन बनेगा आकर्षण का केंद्र
इस आयोजन के साथ फेडरेशन ऑफ एजुकेशन इन इंडिया (FOEII) द्वारा “विश्व गुरु सम्मेलन” का भी आयोजन किया जाएगा। यह सम्मेलन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा व्यवस्था में हो रहे बदलाव, नवाचार और भारत की वैश्विक ज्ञान नेतृत्व की दिशा में बढ़ती भूमिका पर केंद्रित रहेगा।
सम्मेलन में शिक्षा नीति, डिजिटल लर्निंग, वैश्विक अवसरों और नई तकनीकों पर विशेषज्ञों के बीच मंथन होगा। आयोजकों का कहना है कि यह मंच शिक्षा क्षेत्र में नए विचारों और भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
IIT मद्रास से लेकर AI तक पर होंगे विशेष सत्र
भारत शिक्षा एक्सपो-2026 में आयोजित होने वाले सम्मेलन और विशेष सत्र विद्यार्थियों के लिए खास आकर्षण रहेंगे। इनमें “Join IIT Madras Without JEE”, “NEP 2020 in Action”, “AI Advantage for Personalized Learning in Education”, “Shaping the Future of Learning” और “AI-Driven Transformation of Higher Education, Jobs and Society” जैसे विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
इसके अलावा क्विज, हैकाथॉन, कोडथॉन, आइडियाथॉन, एग्रीथॉन, स्पेसटेक और मास्टरक्लास जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को नई तकनीकों और भविष्य के करियर विकल्पों को समझने का मौका मिलेगा।
नई शिक्षा नीति की भावना को मिलेगा बढ़ावा
आयोजकों के अनुसार यह एक्सपो राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP-2020) की भावना के अनुरूप तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को बहुविषयक शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और डिजिटल शिक्षा की दिशा में जागरूक करना है।
इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के सीईओ सुदीप सरकार ने कहा कि सही कोर्स और संस्थान का चयन किसी भी विद्यार्थी के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय होता है। भारत शिक्षा एक्सपो विद्यार्थियों और अभिभावकों को एक विश्वसनीय मंच उपलब्ध कराएगा, जहां वे विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर सही निर्णय लेने में सक्षम होंगे।
उन्होंने कहा कि बदलते शिक्षा परिदृश्य और तेजी से उभरते नए करियर विकल्पों के बीच यह एक्सपो विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी समेत कई अधिकारी और शिक्षा जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।।
