गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की बाइक और अवैध चाकू के साथ शातिर बदमाश गिरफ्तार!!
फेस-2 थाना पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर दबोचा आरोपी, चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद
दो टूक//नोएडा के थाना फेस-2 पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और एक अवैध चाकू बरामद किया है। आरोपी पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 13 मई 2026 को थाना फेस-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से एसएमसी कंपनी के पास चेकिंग अभियान के दौरान अभियुक्त रिहान पुत्र रफीक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर UP13BJ3096 और एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिल थाना बादलपुर क्षेत्र के धूममानिकपुर इलाके से चोरी की गई थी। इस संबंध में थाना बादलपुर में मु0अ0सं0 109/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा पहले से दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी रिहान मूल रूप से ग्राम इश्शोपुर, थाना गुलावटी, जनपद बुलंदशहर का रहने वाला है और वर्तमान में दादरी क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी का आपराधिक इतिहास पुराना है और उसके खिलाफ गौतमबुद्धनगर तथा गाजियाबाद में चोरी, आर्म्स एक्ट और चोरी के सामान रखने जैसे कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर थाना दादरी में धारा 414 आईपीसी, आर्म्स एक्ट, थाना साहिबाबाद में चोरी तथा हाल ही में थाना फेस-2 में बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
नोएडा पुलिस का कहना है कि जिले में वाहन चोरी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।।
