गौतमबुद्धनगर: 21 से 23 अगस्त तक लगेगी “समाधान समारोह” विशेष लोक अदालत, प्रचार-प्रसार तेज करने के निर्देश!!
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की बैठक में पराविधिक स्वयं सेवकों को दी गई अहम जिम्मेदारियां
दो टूक// गौतमबुध नगर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में 21 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली “समाधान समारोह” विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को गौतमबुद्धनगर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शिवानी रावत ने की।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पराविधिक स्वयं सेवकों (पीएलवी) को विशेष लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सचिव शिवानी रावत ने कहा कि “समाधान समारोह” का उद्देश्य आमजन को त्वरित, सरल और सुलभ न्याय उपलब्ध कराना है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाना बेहद जरूरी है।
बैठक के दौरान उपस्थित पीएलवी सदस्यों को निर्देशित किया गया कि वे गांवों, कस्बों और शहरी क्षेत्रों में जाकर लोगों को विशेष लोक अदालत के महत्व और लाभ के बारे में जागरूक करें। साथ ही चिन्हित मामलों में संबंधित पक्षकारों को नोटिस की तामीला सुनिश्चित कराने और उन्हें समय पर अदालत में उपस्थित होने के लिए प्रेरित करने के भी निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि विशेष लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से मामलों का निस्तारण किया जाएगा, जिससे लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलेगी और समय व धन दोनों की बचत होगी।
बैठक में पराविधिक स्वयं सेवक बालचंद नागर, राजवीर सिंह, हरेन्द्र कुमार, हेमलता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह विशेष अभियान न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।
