बुधवार, 13 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, 24 मोबाइल फोन और अवैध हथियार बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, 24 मोबाइल फोन और अवैध हथियार बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्नैच किए गए 24 मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू और वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई को लगातार बढ़ रही मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 12 मई 2026 को थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर गिझौड़ रेड लाइट और सेक्टर-54 के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई, जिनकी पहचान मोबीन अहमद और आफताब के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से विभिन्न कंपनियों के कुल 24 मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी मोबीन अहमद ने कई अहम खुलासे किए। आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली, नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन स्नैचिंग करता था। वारदात के बाद छीने गए मोबाइल फोन उसके साथी आफताब द्वारा राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच दिए जाते थे। इसी अवैध धंधे से दोनों आरोपी मोटी कमाई कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपी मोबीन अहमद निवासी लोकप्रिय विहार, खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है। वहीं दूसरा आरोपी आफताब मूल रूप से बिहार के भागलपुर जिले का निवासी है और वर्तमान में हरौला, सेक्टर-5 नोएडा में रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी मोबीन के खिलाफ गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर स्नैचिंग गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। बरामद मोबाइल फोन के जरिए उनके असली मालिकों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उन्हें उनका सामान वापस कराया जा सके।

नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। लगातार हो रही चेकिंग और खुफिया निगरानी के चलते अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।।