बुधवार, 13 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, बीटा-2 पुलिस ने तीन बदमाश दबोचे!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश, बीटा-2 पुलिस ने तीन बदमाश दबोचे!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा में लगातार बढ़ रही मोबाइल स्नैचिंग और बाइक चोरी की घटनाओं के बीच थाना बीटा-2 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से कार्रवाई करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल, स्नैच किए गए चार मोबाइल फोन और तीन अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी सुनियोजित तरीके से पहले मोटरसाइकिल चोरी करते थे और फिर उन्हीं वाहनों का इस्तेमाल कर राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में हुई कई स्नैचिंग घटनाओं के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।

थाना बीटा-2 पुलिस ने 12 मई 2026 को चेकिंग अभियान के दौरान चाई-4 स्थित एनपीसीएल ऑफिस के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान अमित उर्फ नेत्रपाल, लाला उर्फ अभिषेक और आदिल के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी काफी समय से चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं में सक्रिय थे तथा सुनसान स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। इसके अलावा छीने गए चार मोबाइल फोन और तीन अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी जिले और आसपास के क्षेत्रों में कितनी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों में अमित उर्फ नेत्रपाल मूल रूप से रामपुर जिले का निवासी है और वर्तमान में सूरजपुर क्षेत्र में रह रहा था। वहीं लाला उर्फ अभिषेक बीटा-2 क्षेत्र के नवादा गांव का निवासी है, जबकि आदिल नॉलेज पार्क क्षेत्र के तुगलपुर गांव का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 172/2026 के तहत धारा 317(5)/345(3) बीएनएस एवं 4/25 आयुध अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है। थाना बीटा-2 पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी हुई है।

पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।