शनिवार, 23 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसायटी में सुरक्षा पर बड़ा सवाल: अजनारा होम्स से फायर फाइटिंग उपकरण चोरी, CCTV फुटेज वायरल!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसायटी में सुरक्षा पर बड़ा सवाल: अजनारा होम्स से फायर फाइटिंग उपकरण चोरी, CCTV फुटेज वायरल!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसायटियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बिसरख थाना क्षेत्र स्थित अजनारा होम्स सोसायटी में फायर फाइटिंग उपकरण चोरी होने का मामला सामने आया है, जिससे हजारों निवासियों की सुरक्षा चिंता का विषय बन गई है।

जानकारी के मुताबिक सोसायटी के कई टावरों से आग बुझाने के लिए लगाए गए कीमती फायर सेफ्टी उपकरण गायब पाए गए। बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना सोसायटी में लगे CCTV कैमरों में भी कैद हुई है। फुटेज सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मामला तेजी से वायरल हो रहा है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि फायर फाइटिंग उपकरण किसी भी आपात स्थिति में लोगों की जान बचाने के लिए बेहद जरूरी होते हैं। ऐसे उपकरणों की चोरी केवल आर्थिक नुकसान नहीं, बल्कि बड़ी दुर्घटना की आशंका को भी बढ़ा देती है। लोगों का आरोप है कि सोसायटी में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर्याप्त नहीं है, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी ग्रेटर नोएडा वेस्ट की आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसायटी में फायर सेफ्टी उपकरण चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही ऐसी वारदातों ने हाईराइज सोसायटियों की सुरक्षा व्यवस्था और फायर ऑडिट सिस्टम पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।

सोसायटी के निवासियों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, साथ ही सभी टावरों में फायर सेफ्टी सिस्टम का तत्काल निरीक्षण कराया जाए ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

फिलहाल पुलिस और सोसायटी मैनेजमेंट पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।।