शनिवार, 23 मई 2026

गोण्डा- साइबर अपराध के म्यूल खातों से करोङो की ठगी करने वाले गिरोह के 9 सदस्यों को गोण्डा पुलिस के साइबर सेल ने किया गिरफ्तार

शेयर करें:
गोण्डा- प्रभारी साइबर सेल संजय कुमार गुप्ता मय टीम ने म्यूल खातों से करोड़ो की ठगी करने वाले अर्न्तराज्यीय गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 347 पासबुक, 177 एटीएम किट, 22 अदद आधार कार्ड, 10 अदद मोबाइल, 9 अदद पैनकार्ड, 2 अदद स्टैम्प, 1 अदद वोटर आईडी, 2 अदद चेकबुक, 3 अदद सिम, 3 अदद बाइक व कुल 20,290/- रुपये नकद बरामद किया है। साथ ही लगभग 14 करोड़ 87 लाख 6 हजार रू0 विभिन्न खातो में फ्रीज कराया गया है।
बताते चलें कि जनपद में साइबर अपराधों के दृष्टिगत एसपी विनीत जायसवाल के निर्देशन में साइबर सेल, को0 नगर की टीम द्वारा संदिग्ध बैंक खातों एवं साइबर ठगी से संबंधित ट्रांजेक्शनों का लगातार तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा था। जांच के दौरान ऐसे कई बैंक खातों की जानकारी प्राप्त हुई जिनमें विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की धनराशि ट्रांसफर की जा रही थी। साइबर सेल टीम द्वारा प्राप्त मोबाइल नंबरों, बैंक खातों, आईपी डिटेल्स एवं डिजिटल ट्रांजेक्शनों का गहन विश्लेषण करते हुए गिरोह के सक्रिय सदस्यों की पहचान की गयी। इसके उपरांत पुलिस टीमों का गठन कर संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी की गयी तथा मुखबिर की सूचना एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम द्वारा अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में बैंक पासबुक, एटीएम किट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल फोन, सिम कार्ड एवं अन्य दस्तावेज बरामद किये गये। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खातों में लगभग 14 करोड़ 87 लाख 6 हजार रु फ्रीज कराये गये तथा गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की गई।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तगण द्वारा बताया गया कि वे लोग भोले- भाले व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, बैंक खाता खुलवाने तथा अन्य प्रकार के प्रलोभन देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक एवं मोबाइल नम्बर अपने कब्जे में ले लेते थे। अभियुक्तगण द्वारा कई व्यक्तियों के आधार कार्ड एवं पैन कार्ड का दुरुपयोग कर फर्जी तरीके से बैंक खाते भी खुलवाए जाते थे।अभियुक्तों ने बताया कि इन बैंक खातों का प्रयोग ऑनलाइन गेमिंग, ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं अन्य साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन एवं निकासी हेतु किया जाता था। साइबर फ्रॉड से प्राप्त धनराशि को विभिन्न माध्यमों से निकालकर आपस में बांट लिया जाता था, जिसमें प्रत्येक सदस्य को लगभग 40 से 60 प्रतिशत तक कमीशन प्राप्त होता था। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने यह भी स्वीकार किया कि वे विभिन्न जनपदों से बैंक खाते एवं संबंधित दस्तावेज एकत्र कर अपने अन्य साथियों को उपलब्ध कराते थे, जिनका उपयोग साइबर अपराध को अंजाम देने में किया जाता था। अभियुक्तगण द्वारा संचालित कई बैंक खातों पर एनसीआरपी पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज पाई गई हैं। अभियुक्तों के कब्जे से प्राप्त मोबाइल फोन की जांच के दौरान विभिन्न बैंक खातों का विवरण, नेट बैंकिंग आईडी, पासवर्ड एवं आपसी चौटिंग प्राप्त हुई, जिससे इनके साइबर अपराध में सक्रिय रूप से संलिप्त होने की पुष्टि हुई। अभियुक्तगण ने यह भी बताया कि उनके कुछ साथी पूर्व में भी साइबर फ्रॉड के मामलों में जेल जा चुके हैं। पूछताछ एवं तकनीकी जांच के दौरान कुल 46 बैंक खाते प्रकाश में आए, जिनमें से विभिन्न बैंकों के 17 खातों के विरुद्ध एनसीआरपी पोर्टल पर कुल 212 शिकायतें दर्ज पाई गईं। जिनमें करोड़ों रूपयो की साइबर धोखाधड़ी किया जाना प्रकाश में आया। उक्त धनराशि में से लगभग चौदह करोड़ सत्तासी लाख छह हजार आठ सौ उनासी रुपये की धनराशि विभिन्न बैंक खातों में होल्ड/फ्रीज कराई गई है। उक्त शिकायतें दिल्ली, उड़ीसा, हरियाणा, बिहार, उत्तराखण्ड, झारखण्ड, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश आदि विभिन्न राज्यों से संबंधित पाई गई हैं।
पंजीकृत अभियोग-
01. मु0अ0सं0- 08/26, धारा 318(2),319(2),61(2)ए,338 बीएनएस व 66 डी आईटी एक्ट साइबर थाना जनपद गोण्डा। 
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण-
01. अमन सिंह पुत्र सुरेश सिंह नि0 बगमरवा किंधौरा थाना तरबगंज जनपद गोण्डा।
02. कुलदीप वर्मा पुत्र रामकेवल वर्मा नि0 लहुवावीरपुर थाना नवाबगंज जनपद गोण्डा। 
03. रोहित सिंह पुत्र शिवनाथ सिंह नि0 नायबपुरवा पसका थाना परसपुर जनपद गोण्डा।
04. सूरज कुमार सिंह पुत्र अरविन्द कुमार सिंह नि0 भंभुवा चंगेरिया थाना कर्नलगंज जनपद गोण्डा। 
05. मोहित सिंह पुत्र रामशंकर सिंह नि0 भदुवा सोमवंशी सालपुर थाना को0 देहात जनपद गोण्डा। 
06. रंजीत कुमार पुत्र ओमप्रकाश नि0 छावनी सरकार जेल रोड थाना को0 नगर जनपद गोण्डा। 
07. मो0 आरिफ पुत्र अनीश अहमद नि0 जाजमऊ थाना जाजमऊ जनपद कानपुर नगर।
08. मो0 समीर पुत्र मो0 सलीम नि0 किदवई नगर थाना बाबूपुरवा जनपद कानपुर नगर।
09. आलोक गुप्ता पुत्र अजय गुप्ता नि0 पंतनगर थाना को0 नगर जनपद गोण्डा।
अभियुक्त अमन सिंह का आपराधिक इतिहास-
01.मु0अ0सं0-54/22, धारा 420 भादवि साइबर थाना रोहतक हरियाणा।
अभियुक्त मो0 समीर का आपराधिक इतिहास-
01.मु0अ0सं0-144/25, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस थाना पनकी कानपुर नगर।
02.मु0स0सं0-180/25, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस थाना पनकी कानपुर नगर।
अभियुक्त आरिफ का आपराधिक इतिहास-
01.मु0अ0सं0-832/25, धारा 66 डी आईटी एक्ट, 351(2),351(3) बीएनएस थाना चकेरी जनपद कानपुर नगर।
            पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल द्वारा सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम को रु0 25,000/- के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।