गौतमबुद्धनगर: एमिटी यूनिवर्सिटी में अचानक भड़की आग से मचा हड़कंप, दमकल विभाग की तत्परता से टला बड़ा हादसा!!
दो टूक//नोएडा के सेक्टर-125 स्थित Amity University में शनिवार शाम अचानक आग लगने की घटना से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग यूनिवर्सिटी के टावर-I के ग्राउंड फ्लोर पर बने रिसेप्शन और लाइब्रेरी एरिया में लगी थी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद छात्रों और कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन फेज-1 से दमकल विभाग की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग तेजी से फैलने से पहले ही फायर सर्विस टीम ने मोर्चा संभाल लिया। दमकल कर्मियों ने एमएफई के जरिए पंपिंग कर आग पर काबू पाया और कुछ ही देर में स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार ने बताया कि फायर टीम की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि आग लगने के दौरान यूनिवर्सिटी परिसर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था और घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद परिसर में धुएं का गुबार फैल गया था, जिससे कुछ समय के लिए छात्रों और स्टाफ के बीच दहशत का माहौल बन गया। हालांकि दमकल विभाग की मुस्तैदी के चलते स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। घटना Noida के थाना सेक्टर-126 क्षेत्र की है।
