गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा कोर्ट परिसर में भीषण आग, टिन शेड धू-धू कर जला; समय रहते टला बड़ा हादसा!!
दो टूक// ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कोर्ट परिसर की गली नंबर-7 और 8 के सामने बने एक बड़े टिन शेड में देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। शेड में रखी प्लास्टिक और फाइबर शीट के कारण लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही परिसर में मौजूद लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते आग आसपास के हिस्सों तक नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय कोर्ट में छुट्टी होने के कारण परिसर में भीड़ काफी कम थी। यदि अदालत की कार्यवाही चल रही होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। आग लगने के बाद कुछ देर के लिए कोर्ट परिसर में दहशत का माहौल बना रहा और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित जिला न्यायालय परिसर में हुई इस घटना ने एक बार फिर सरकारी परिसरों में फायर सेफ्टी इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।।
