गौतमबुद्धनगर: जेवर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार सप्लाई करने वाला तस्कर गिरफ्तार, दो तमंचे और कारतूस बरामद!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना जेवर पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध और अवैध शस्त्र कारोबार पर प्रभावी प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 14 मई 2026 को एक युवक पर अवैध हथियार से फायरिंग किए जाने की घटना सामने आई थी। इस मामले में थाना जेवर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हिमांशु भाटी पुत्र विजेंद्र भाटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना के बाद पुलिस लगातार इस बात की जांच में जुटी थी कि आरोपी तक अवैध हथियार किस माध्यम से पहुंचे।
जांच के दौरान पुलिस को अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के रूप में भजन सिंह पुत्र कैलाश चंद का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद थाना जेवर पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
रविवार को थाना जेवर पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर झाझर और डूढ़ेरा रोड के बीच से आरोपी भजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी से अवैध हथियारों के नेटवर्क और अन्य संभावित तस्करों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भजन सिंह पुत्र कैलाश चंद निवासी ग्राम सवाई, थाना ऐतमादपुर, जनपद आगरा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना जेवर में मु0अ0सं0 0160/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध हथियारों की तस्करी और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। जेवर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध हथियार कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।।
