गौतमबुद्धनगर: अनुदेशकों के सम्मान में भव्य समारोह, बढ़े मानदेय पर राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर ने किया सम्मानित!!
गौतमबुद्धनगर, 17 मई 2026।
दो टूक//जनपद गौतमबुद्धनगर में शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अनुदेशकों के सम्मान में शनिवार को एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। ग्रेटर नोएडा के सिग्मा-1 स्थित ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर ने की। कार्यक्रम में जनपद के चारों ब्लॉकों से बड़ी संख्या में अनुदेशक, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का आयोजन अनुदेशकों के बढ़े हुए मानदेय के उपलक्ष्य में किया गया, जिससे शिक्षकों और अनुदेशकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी सभागार में उपस्थित सभी अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा देखा गया।
समारोह में भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार सहित शिक्षा एवं प्रशासनिक विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय घोड़ी बछेड़ा की छात्राओं ने मनमोहक सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गरिमामयी बना दिया। अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर ने कहा कि अनुदेशक शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है और अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षकों और अनुदेशकों के समर्पित प्रयासों से शिक्षा विभाग नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और विद्यार्थियों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा सात अनुदेशकों को सांकेतिक चेक वितरित कर सम्मानित भी किया गया। सम्मान पाने वालों में सोनम भाटी, साहिना परवीन, देवीराम, विजय, रवि खारी तथा सारिका बंसल सहित अन्य अनुदेशक शामिल रहे। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने सरकार और शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
समारोह में जिला समन्वयक प्रशिक्षण, निपुण भारत मिशन, समेकित शिक्षा, एमआईएस, मिड डे मील, ईसीसीई एजूकेटर, एसआरजी, एआरपी सहित शिक्षा विभाग के विभिन्न प्रकोष्ठों से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, सम्मान और शिक्षा के प्रति समर्पण की भावना से ओतप्रोत दिखाई दिया।
सूचना विभाग गौतमबुद्धनगर द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम का उद्देश्य अनुदेशकों के योगदान को सम्मान देना और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करना था।।
