सोमवार, 18 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर भड़की भाकियू, किसानों के उत्पीड़न के खिलाफ डीसीपी ट्रैफिक से हुई अहम वार्ता!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर भड़की भाकियू, किसानों के उत्पीड़न के खिलाफ डीसीपी ट्रैफिक से हुई अहम वार्ता!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

जिलाध्यक्ष अशोक भाटी बोले – “किसानों और ग्रामीणों का शोषण बंद नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन”

दो टूक//गौतमबुद्धनगर में सोमवार 18 मई 2026 को भारतीय किसान यूनियन की ओर से किसानों, ग्रामीणों और वाहन चालकों से जुड़ी समस्याओं को लेकर पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक अभय मिश्रा के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने किया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली, किसानों के कथित उत्पीड़न, अवैध वसूली और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

बैठक में जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने बेहद मुखर अंदाज में किसानों और ग्रामीणों की समस्याएं रखते हुए कहा कि पिछले लंबे समय से ट्रैफिक पुलिस द्वारा गांवों के बाहर खड़ी गाड़ियों को अवैध पार्किंग बताकर चालान किए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, वाहन टो करने और छोड़ने के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूले जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के ट्रैक्टर और कृषि यंत्रों को चौराहों पर रोककर चालान और वाहन सीज करने की धमकी देकर अवैध उगाही की जा रही है, जिससे ग्रामीण समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।

अशोक भाटी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन हमेशा किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों की आवाज मजबूती से उठाती रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो संगठन सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि किसान देश की रीढ़ है और उसके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों के हक और सम्मान की लड़ाई भारतीय किसान यूनियन पूरी मजबूती के साथ लड़ती रहेगी।

बैठक में कई प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा कथित अवैध वसूली का मुद्दा भी उठाया गया। भाकियू पदाधिकारियों ने सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास सैमसंग कट, मेट्रो स्टेशन-101, बरौला हनुमान मंदिर के सामने तथा एनईपीजेड चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। संगठन की ओर से आरोप लगाया गया कि रॉन्ग साइड और अन्य नियमों के नाम पर राहगीरों और युवाओं से पैसे वसूले जाते हैं तथा विरोध करने पर मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी जाती है।

भारतीय किसान यूनियन के एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना ने कहा कि संगठन हमेशा किसानों और ग्रामीणों के सम्मान की लड़ाई लड़ता आया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जनता के साथ संवाद और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। परविंदर अवाना लंबे समय से किसान हितों की आवाज बुलंद करते रहे हैं और क्षेत्रीय स्तर पर किसानों को संगठित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसानों के साथ अन्याय हुआ तो संगठन एकजुट होकर उसका जवाब देगा।

वहीं भारतीय किसान यूनियन के जिला सचिव सचिन अवाना ने भी बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को मजबूती से रखा। उन्होंने कहा कि गांवों के बाहर रोड कट बंद होने के कारण ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सचिन अवाना ने कहा कि संगठन लगातार गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याओं को सुन रहा है और उन्हें प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। युवा नेतृत्व के रूप में उनकी सक्रियता संगठन को नई मजबूती देने का काम कर रही है।

बैठक के दौरान नवनियुक्त पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक अभय मिश्रा ने सभी शिकायतों और समस्याओं पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की कोई भी शिकायत सामने आती है तो उसकी तत्काल जानकारी उपलब्ध कराई जाए ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन की ओर से समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा गया।

बैठक में ट्रैफिक इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह, दादरी जिला अध्यक्ष मनोज मावी, जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप भाटी, जिला उपाध्यक्ष अनिल खारी सहित सिंह राज गुर्जर, गजेंद्र रेक्सवाल, कृष्ण भाटी, कमलजीत खारी, शैलेश बेसोया, तरुण बेसोया, सोनू यादव समेत बड़ी संख्या में किसान और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।।