गौतमबुद्धनगर: कैलाश अस्पताल में फायर मॉकड्रिल: आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों को किया गया प्रशिक्षित!!
दो टूक//नोएडा। शहर के प्रमुख निजी अस्पतालों में शामिल कैलाश अस्पताल एवं हृदय संस्थान में सोमवार को अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर व्यापक फायर मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। सेक्टर-27 स्थित अस्पताल परिसर में आयोजित इस विशेष अभियान का उद्देश्य अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों को किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशिक्षित करना रहा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस फायर डिपार्टमेंट की टीम ने भाग लिया और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, मरीजों की सुरक्षित निकासी और प्राथमिक सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी। मॉकड्रिल के दौरान फायर सेफ्टी उपकरणों के सही इस्तेमाल का लाइव प्रदर्शन भी किया गया, जिससे अस्पताल स्टाफ को व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सका।
फायर डिपार्टमेंट के वरिष्ठ अधिकारी श्री देवेन्द्र और उनकी टीम ने अस्पताल कर्मियों को बताया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता और सही तकनीक का उपयोग करना सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने आग बुझाने वाले सिलेंडरों के संचालन, इमरजेंसी एग्जिट रूट और सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की।
इस अवसर पर अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सारिका चन्द्रा ने कहा कि मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा अस्पताल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम बेहद आवश्यक हैं।
डॉ. सारिका चन्द्रा ने बताया कि अस्पताल प्रशासन समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा ताकि सभी कर्मचारी सुरक्षा मानकों के प्रति सजग और प्रशिक्षित बने रहें। उन्होंने जनपद गौतमबुद्धनगर के चीफ फायर ऑफिसर श्री प्रदीप कुमार और फायर विभाग की टीम का सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
मॉकड्रिल के दौरान अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया गया और कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में अस्पताल प्रशासन, फायर सेफ्टी टीम, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही।।
