सोमवार, 11 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: जेवर में रोड रेज के बाद फायरिंग करने वाले दो और आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से खुला पूरा मामला!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जेवर में रोड रेज के बाद फायरिंग करने वाले दो और आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से खुला पूरा मामला!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सोलर कंपनी के पास हाईवा चालक पर तमंचे से फायरिंग के मामले में थाना जेवर पुलिस को बड़ी सफलता, विवेचना में सामने आए दो वांछित अभियुक्त दबोचे गए

दो टूक//जेवर। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जेवर पुलिस ने रोड रेज और फायरिंग के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सक्रियता और लगातार की गई छापेमारी के चलते मामले में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है।

जानकारी के अनुसार, बीती 21 अप्रैल 2026 को थाना जेवर क्षेत्र के गांव दस्तमपुर से गांव मिल्क करीमाबाद जाने वाले मार्ग पर स्थित एक सोलर कंपनी के पास हाईवा और स्विफ्ट कार चालकों के बीच साइड देने को लेकर विवाद हो गया था। मामूली कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि स्विफ्ट कार में सवार युवकों ने हाईवा चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी।

घटना के बाद पीड़ित चालक की तहरीर पर थाना जेवर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और 23 अप्रैल 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए थे।

इसी क्रम में विवेचना के दौरान प्रकाश में आए दो अन्य वांछित अभियुक्तों को भी थाना जेवर पुलिस ने सोमवार को वैना बुड़ाका सर्विस रोड चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर पुत्र जयवीर निवासी मंगरौली रोड, कस्बा व थाना जेवर तथा संगीत पुत्र प्रेमवीर निवासी ग्राम थौरा, थाना जेवर के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सागर के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, धमकी और अन्य आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी संगीत पर भी थाना जेवर में आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ प्रभावी पुलिसिंग के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।।