बुधवार, 27 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: हुक्का पिलाकर नाबालिग की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, जेवर पुलिस मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: हुक्का पिलाकर नाबालिग की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, जेवर पुलिस मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पुरानी रंजिश और बदनामी की खुन्नस में नाबालिग को अपने घर बुलाकर हुक्के में अधिक तंबाकू पिलाया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को घायल अवस्था में दबोच लिया, जबकि तीसरे आरोपी को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक 22 मई 2026 को मृतक के परिजनों ने थाना जेवर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका 15 वर्षीय बेटा 21 मई से घर से लापता है। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी जब किशोर का कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान उसी रात ग्राम रोही स्थित एक खाली मकान से नाबालिग का शव बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

थाना जेवर पुलिस ने वैज्ञानिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन पड़ताल की। जांच में ग्राम रोही निवासी नरेश और मोहित तथा बिहार के चम्पारण निवासी उमेश कुमार के नाम सामने आए। पुलिस टीम बुधवार को साबौता अंडरपास के नीचे चेकिंग कर रही थी, तभी बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक पर तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी भागने लगे और पीछा किए जाने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपी नरेश और उमेश गोली लगने से घायल हो गए। तीसरे आरोपी मोहित को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि करीब डेढ़ माह पहले मृतक की दादी ने उन्हें नाबालिग को गलत संगत में डालने को लेकर फटकार लगाई थी। इसी बात को लेकर आरोपी रंजिश मान बैठे थे और उन्हें लगने लगा था कि उनकी बदनामी हो रही है। 21 मई को जब किशोर उनके घर की तरफ आया तो उन्होंने उसे हुक्के में अत्यधिक तंबाकू डालकर पिलाया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं। मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि के लिए विसरा को रासायनिक परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है।

फिलहाल थाना जेवर पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। इस घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और नाबालिग की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।।