गौतमबुद्धनगर: ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा पर प्रशासन सतर्क, जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 27 मई 2026। जनपद में निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में लगाए गए सुरक्षा इंतजाम, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था तथा सील और तालों की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस के मुख्य द्वार पर लगे ताले एवं सील की स्वयं जांच की, जो पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित पाई गई। इसके साथ ही परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली। सभी कैमरे सुचारु रूप से संचालित पाए गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक दिखाई दी।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिए कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी सामग्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी कर्मचारी पूर्ण सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर की समस्त व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए साफ-सफाई, सुरक्षा प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश भी दिए। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बरकरार रहे।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
