गौतमबुद्धनगर: पूर्वजों की विरासत को नमन: बरौला में बाबा चाँदसिंह और बाबा सहजराम की याद में हजारों लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद!!
नोएडा। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर नोएडा के बरौला स्थित चौधरी चाँदसिंह पार्क में स्वर्गीय बाबा चौधरी चाँदसिंह एवं बाबा सहजराम की पुण्य स्मृति में विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सेवा भावना से ओतप्रोत इस आयोजन में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया तथा अपने महान पूर्वजों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए मीठे शरबत, ठंडे पानी, पूड़ी-सब्जी और खीर की विशेष व्यवस्था की गई। सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरा वातावरण भक्ति, सम्मान एवं भाईचारे की भावना से सराबोर दिखाई दिया।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के सम्मानित व्यक्तित्व चौधरी बीसी प्रधान बरौला ने बताया कि सन 1369 ईस्वी में बाबा चाँदसिंह और बाबा सहजराम दो भाई पेलंजी, दिल्ली से आकर बरौला में बसे थे। बाबा चाँदसिंह फौज में रिसालेदार थे, जबकि बाबा सहजराम खेती-किसानी से जुड़े हुए थे। दोनों भाई अपनी निडरता, ईमानदारी, मेहनत और समाजसेवा के लिए पूरे क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे।
उन्होंने कहा कि आज उनकी दसवीं पीढ़ी उनके बताए आदर्शों और संस्कारों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। पूर्वजों की स्मृति को जीवंत बनाए रखने और नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से हर वर्ष गंगा दशहरा के अवसर पर इस विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है।
चौधरी बीसी प्रधान लंबे समय से क्षेत्र में सामाजिक कार्यों, जनसेवा और भाईचारे को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहने वाले बीसी प्रधान की क्षेत्र में एक सरल, मिलनसार और समाजहित में कार्य करने वाले व्यक्ति के रूप में विशेष पहचान है। धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में उनकी सक्रिय भागीदारी के चलते क्षेत्रवासियों में उनके प्रति खास सम्मान देखने को मिलता है। कार्यक्रम के दौरान भी उन्होंने स्वयं व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत कर सेवा भावना का परिचय दिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व विधायक सत्यवीर सिंह गुर्जर, पूर्व प्रधान धर्मवीर सिंह, मेघराज सिंह, ब्रह्मापाल ठेकेदार, सुखबीर सिंह, चौधरी कवलराम, सतपाल प्रधान, हरि फौजी, चौधरी कुशलपाल, मनवीर सिंह, ओमप्रकाश शर्मा, युद्धवीर एडवोकेट, राजवीर सिंह, जगवीर सिंह, जीतपाल गुर्जर, सुभाष चौधरी, राजेंद्र चौहान, प्रेमचंद गुप्ता, हरेन्द्र बैसोया, मुनीपाल, पुनीत बैसोया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।।
