गौतमबुद्धनगर: मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना को मिलेगा विस्तार, दादरी में खुलेगा नया सेंटर!!
डीएम ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, 15 जुलाई से शुरू होंगी नियमित निःशुल्क कक्षाएं
दो टूक//गौतमबुद्ध नगर में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी पहल की गई है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए योजना की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया। बैठक में यूपीएससी, नीट, जेईई और यूपीपीसीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जनपद में संचालित अभ्युदय योजना की प्रगति, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और नए केंद्रों की स्थापना को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए जनपद में तीन केंद्र संचालित किए जाने प्रस्तावित हैं। इनमें सेक्टर-37 स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर पुस्तकालय, सेक्टर-93 का पंचशील बालक इंटर कॉलेज और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय शामिल हैं।
बैठक में जिलाधिकारी ने दादरी स्थित मिहिर भोज बालक इंटर कॉलेज में एक नए अभ्युदय केंद्र की स्थापना को मंजूरी प्रदान की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आगामी 15 जुलाई से सभी केंद्रों पर नियमित कक्षाओं का संचालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा शिक्षण सामग्री, फर्नीचर और अन्य आवश्यक संसाधनों की खरीद सरकारी जैम पोर्टल के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर किए जाने की स्वीकृति भी दी गई।
ऑनलाइन शिक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर बेहतर मॉनिटरिंग और रिकॉर्डिंग सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए। इसके तहत आवश्यक डिजिटल उपकरण और तकनीकी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री मिल सके। साथ ही विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक पुस्तकों और स्टेशनरी सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए गए।
बैठक में शिक्षकों की गुणवत्ता को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शासनादेश के तहत मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से व्याख्याताओं का चयन किया जाए। साथ ही पहले से चयनित व्याख्याताओं का भी दोबारा इंटरव्यू लेकर उनकी गुणवत्ता और दक्षता का मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि छात्रों को बेहतर मार्गदर्शन मिल सके।
इस दौरान जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश कुमार सिसोदिया तथा मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के कोर्स को-ऑर्डिनेटर दीपांशु सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।।
