गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, फेस-1 थाना पुलिस ने 105 टेट्रा पैक देशी शराब के साथ युवक को दबोचा!!
दो टूक//नोएडा में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेस-1 पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से भारी मात्रा में देशी शराब बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, रविवार 25 मई 2026 को थाना फेस-1 पुलिस टीम ने सेक्टर-6 स्थित ए-18 के पास चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के दौरान कार्रवाई की। इसी दौरान युसुफ पुत्र काले खाँ नामक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 105 टेट्रा पैक देशी शराब (उत्तर प्रदेश मार्का) बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से आगरा जनपद के थाना खण्डोली क्षेत्र के गाँव सोरई का रहने वाला है और वर्तमान में जे0जे0 कॉलोनी थाना फेस-1 क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी शराब की सप्लाई कहां से लाता था और किन क्षेत्रों में इसकी बिक्री की जाती थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना फेस-1 में मु0अ0सं0-235/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी से पूछताछ कर अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।।
