शुक्रवार, 8 मई 2026

गोण्डा- दो बाइकों की आमने सामने हुई टक्कर, दोनों में लगी आग, तीन लोग घायल

शेयर करें:
गोंडा- करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। चचरी- करनैलगंज मार्ग पर करीब 1 बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों में बड़काऊ, उनकी पत्नी और दूसरी बाइक सवार अंकित यादव शामिल हैं।
टक्कर के बाद सुपर स्प्लेंडर बाइक में भीषण आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। वहीं दूसरी बजाज सीटी 100 बाइक का कुछ हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया। घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा कि पारा गांव निवासी बड़काऊ अपनी पत्नी के साथ चचरी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान करनैलगंज की ओर से आ रहे अंकित यादव की स्प्लेंडर बाइक ने उनकी सीटी 100 बाइक को सामने से टक्कर मार दी। भिड़ंत के बाद दोनों बाइकों में शॉर्ट सर्किट हुआ और पेट्रोल फैलने से आग भड़क गई। गनीमत रही कि टक्कर के तुरंत बाद बाइक सवार सड़क हट गए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 
हादसे में घायल तीनों लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करनैलगंज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर के बाद आग लग गई थी। एक बाइक पूरी तरह जल गई, जबकि दूसरी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई है। उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है और मार्ग पर यातायात सामान्य कर दिया गया है।