शनिवार, 27 जून 2026

मऊ :दो दिन से लापता 82 वर्षीय वृद्ध का शव सड़क किनारे झाड़ियों में मिला, इलाके में सनसनी।|Mau:The body of an 82-year-old man, missing for two days, was found in bushes on the roadside, causing a stir in the area.||

शेयर करें:
मऊ :
दो दिन से लापता 82 वर्षीय वृद्ध का शव सड़क किनारे झाड़ियों में मिला, इलाके में सनसनी।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद कोपागंज थाना क्षेत्र के भदसा मानोपुर गांव में दो दिन से लापता 82 वर्षीय वृद्ध का शव सड़क किनारे झाड़ियों में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं परिजनों ने वृद्ध की हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, भदसा मानोपुर निवासी सुरेंद्र राय 82 वर्षीय वृद्ध दो दिन पहले सुबह नाश्ता करने के बाद घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को  सूचना दी।
शनिवार को घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे झाड़ियों में वृद्ध का शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी राकेश रोहन सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह ने भी मौके का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।