रविवार, 3 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: ओमिक्स गोलचक्कर के पास पुलिस-बदमाश मुठभेड़: एक बदमाश गोली लगने से घायल, लूटी गई चेन व अवैध असलहा बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ओमिक्स गोलचक्कर के पास पुलिस-बदमाश मुठभेड़: एक बदमाश गोली लगने से घायल, लूटी गई चेन व अवैध असलहा बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा | 03 मई 2026, थाना बीटा-2 पुलिस और बदमाशों के बीच रविवार को ओमिक्स गोलचक्कर के पास उस समय मुठभेड़ हो गई, जब पुलिस टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने का प्रयास किया।

पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस द्वारा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

घायल बदमाश की पहचान सोनू श्रीवास्तव पुत्र तुलसी, निवासी घटकना (थाना मौदहा, जिला हमीरपुर) हाल पता भंगेल, थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

 बरामदगी में चौंकाने वाले खुलासे

मुठभेड़ के बाद मौके से पुलिस ने आरोपी के कब्जे से—

  • .315 बोर का अवैध तमंचा, 1 जिंदा व 1 खोखा कारतूस
  • थाना इकोटेक-3 क्षेत्र से चोरी की गई अपाचे मोटरसाइकिल
  • हाल ही में लूटी गई सोने की चेन

बरामद की है।

 स्नैचिंग गैंग का सक्रिय सदस्य

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी एक शातिर किस्म का अपराधी है, जो अपने साथी के साथ मिलकर राह चलते लोगों से चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देता था। 11 अप्रैल 2026 को जगत फार्म मार्केट में एक महिला से चेन लूट की घटना में भी इसकी संलिप्तता पाई गई है।

 लंबा आपराधिक इतिहास

आरोपी सोनू श्रीवास्तव के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जो उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को दर्शाते हैं।

 पुलिस की सख्ती जारी

थाना बीटा-2 पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।