सोमवार, 18 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: पड़ोसी विवाद ने लिया अजीब मोड़, मरा चूहा लेकर पुलिस चौकी पहुंची महिला!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: पड़ोसी विवाद ने लिया अजीब मोड़, मरा चूहा लेकर पुलिस चौकी पहुंची महिला!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के सेक्टर-134 स्थित जेपी कॉसमॉस सोसायटी में पड़ोसियों के बीच चल रहा विवाद उस वक्त चर्चा का विषय बन गया, जब एक महिला पॉलिथीन में पैक मरा हुआ चूहा लेकर पुलिस चौकी पहुंच गई। महिला ने अपने पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए जानबूझकर उसके फ्लैट के बाहर मरे हुए चूहे फेंके जा रहे हैं। इस अनोखी शिकायत को सुनकर पुलिसकर्मी भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए।

मामला थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की सेक्टर-129 पुलिस चौकी का है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को महिला सीधे चौकी पहुंची और अपने साथ लाया गया मरा चूहा पुलिस के सामने रख दिया। महिला का आरोप था कि उसका पड़ोसी पिछले कई दिनों से लगातार ऐसी हरकतें कर रहा है, जिससे वह मानसिक तनाव में है। महिला ने पुलिस से आरोपी पड़ोसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

महिला ने खुद को पशु प्रेमी बताते हुए कहा कि किसी जानवर को मारकर इस तरह इस्तेमाल करना अमानवीय है। उसका कहना था कि शुरुआत में उसने इस मामले को नजरअंदाज किया, लेकिन जब घटनाएं लगातार बढ़ने लगीं तो उसे पुलिस की मदद लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला करीब एक घंटे तक पुलिस चौकी में मौजूद रही। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उसे समझाया कि किसी भी कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत देना आवश्यक होगा। काफी देर बातचीत के बाद महिला वापस सोसायटी लौट गई। फिलहाल पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उधर, सोसायटी के लोगों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, छोटी-छोटी बातों को लेकर दोनों पक्षों में अक्सर कहासुनी होती रहती है। अब मरे हुए चूहे को लेकर सामने आए इस मामले ने पूरे परिसर में चर्चा का माहौल बना दिया है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे पड़ोसियों के बीच बढ़ते तनाव और आपसी रिश्तों में आ रही कड़वाहट का उदाहरण बता रहे हैं। वहीं कुछ लोग इस पूरे घटनाक्रम को बेहद अजीब और चौंकाने वाला मान रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि महिला औपचारिक शिकायत देती है तो सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।।