गौतमबुद्धनगर:गलगोटिया यूनिवर्सिटी में छात्रों के दो गुट भिड़े, कैंपस बना अखाड़ा; वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी एक बार फिर विवादों में आ गई है। यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई जमकर मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में छात्र एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद छात्र तमाशबीन बने पूरी घटना अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड करते नजर आ रहे हैं। घटना सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक मामला ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी कैंपस का है। बताया जा रहा है कि दो छात्र गुटों के बीच किसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई थी। मामूली विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि कैंपस के भीतर ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। वायरल वीडियो में कई छात्र एक-दूसरे को धक्का देते, मुक्के मारते और जमीन पर गिराकर पीटते दिखाई दे रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार छात्रों के बीच तनाव पहले से चल रहा था और यह मामला यूनिवर्सिटी प्रशासन तक भी पहुंचा था। आरोप है कि समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए, जिसके चलते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अब इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था और कैंपस अनुशासन पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।
घटना के दौरान मौजूद अन्य छात्रों ने पूरे बवाल का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस दोनों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने लिखा कि शिक्षण संस्थानों में लगातार बढ़ रही इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं और कैंपस का माहौल पढ़ाई से ज्यादा विवादों का केंद्र बनता जा रहा है।
वायरल वीडियो नोएडा पुलिस तक भी पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले छात्रों की पहचान की जा रही है। साथ ही यूनिवर्सिटी प्रशासन से भी पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। जांच के बाद दोषी छात्रों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कई निजी यूनिवर्सिटियों से छात्रों के बीच मारपीट, गुटबाजी और हंगामे की घटनाएं लगातार सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों ने अभिभावकों की चिंता भी बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि इस मामले में यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस क्या सख्त कदम उठाते हैं, ताकि भविष्य में कैंपस के भीतर इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
