गौतमबुद्धनगर: 4 साल से फरार 10 हजार का इनामी गैंगस्टर चढ़ा पुलिस के हत्थे, इकोटेक-3 पुलिस की बड़ी कार्रवाई!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के थाना इकोटेक-3 पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से फरार चल रहा आरोपी वर्ष 2022 से पुलिस की पकड़ से बाहर था। लोकल इंटेलीजेंस और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे दादरी रोड स्थित डंपिंग यार्ड के पास बस स्टैंड से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान इरफान उर्फ नेता पुत्र मेहरबान के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से अशालकपुर फरुखनगर, थाना टीला मोड़ जनपद Ghaziabad का निवासी है। वर्तमान में वह उड़ीसा के मलखान गिरी जिले के काली मेला क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी की उम्र करीब 38 वर्ष बताई जा रही है।
थाना इकोटेक-3 पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह एनडीपीएस एक्ट के मामले में भी वांछित रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी पर थाना इकोटेक-3 में गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और धारा 174-ए के तहत मुकदमे दर्ज हैं। लगातार फरार रहने के कारण उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। आखिरकार लोकल इंटेलीजेंस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर टीम ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। इलाके में सक्रिय अपराधियों और फरार आरोपियों पर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है।।
