गौतमबुद्धनगर: महंगाई की मार से बेहाल डिलीवरी राइडर्स का फूटा गुस्सा, नोएडा में कंपनियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन!!
“तेल महंगा, मेहनताना वही” — ऑनलाइन फूड डिलीवरी राइडर्स ने उठाई आवाज, बोले- अब घर चलाना हुआ मुश्किल
दो टूक//नोएडा। बढ़ती महंगाई, लगातार महंगे होते पेट्रोल-डीजल और कम होती आमदनी के बीच ऑनलाइन फूड डिलीवरी करने वाले राइडर्स का गुस्सा आखिरकार सड़क पर फूट पड़ा। सोमवार को नोएडा के सेक्टर-22 क्षेत्र में बड़ी संख्या में फूड डिलीवरी राइडर्स ने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया और कंपनियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के अंतर्गत हुआ, जहां राइडर्स ने अपनी कई समस्याओं को खुलकर सामने रखा।
प्रदर्शन कर रहे राइडर्स का कहना था कि बीते कुछ समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हुई है, लेकिन उनकी सैलरी और इंसेंटिव में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। ऐसे में दिन-रात मेहनत करने के बावजूद परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। राइडर्स ने कहा कि कंपनियां लगातार डिलीवरी का दबाव बढ़ा रही हैं, जबकि कमाई पहले से घटती जा रही है।
राइडर्स ने आरोप लगाया कि कई सोसायटियों और अपार्टमेंट्स में उन्हें लिफ्ट इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जाती, जिसके कारण उन्हें भारी बैग लेकर कई मंजिलों तक सीढ़ियों से जाना पड़ता है। इससे न केवल समय बर्बाद होता है, बल्कि शारीरिक परेशानी भी झेलनी पड़ती है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि कई जगहों पर स्टोर और रेस्टोरेंट कर्मचारियों द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता।
प्रदर्शन के दौरान राइडर्स ने मांग की कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए उनकी बेस सैलरी और प्रति डिलीवरी भुगतान बढ़ाया जाए। साथ ही उन्हें सामाजिक सुरक्षा, सम्मानजनक व्यवहार और बेहतर कार्य परिस्थितियां उपलब्ध कराई जाएं। प्रदर्शन में शामिल कई राइडर्स ने कहा कि वे दिनभर सड़कों पर मेहनत करते हैं, लेकिन बदले में उन्हें न तो पर्याप्त कमाई मिल रही है और न ही सम्मान।
क्षेत्र में हुए इस प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बना रहा। मौके पर पुलिस भी मौजूद रही और स्थिति पर नजर बनाए रखी। राइडर्स ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।।
