गौतमबुद्धनगर: दादरी में बिजली संकट पर फूटा लोगों का गुस्सा, कई दिनों से कटौती से बेहाल जनता ने किया प्रदर्शन!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में लगातार कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से परेशान स्थानीय लोगों ने बिजली घर पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और अधिकारियों के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से लगातार बिजली कटौती हो रही है। दिन हो या रात, घंटों तक बिजली गायब रहने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। खासकर भीषण गर्मी और उमस के चलते बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की हालत खराब हो रही है। घरों में लगे पंखे, कूलर और पानी की मोटर बंद रहने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं ने बताया कि बिजली नहीं रहने के कारण घरेलू कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो गया है। पानी की किल्लत के साथ-साथ रातभर जागकर समय बिताना पड़ रहा है। कई परिवारों में छोटे बच्चे गर्मी से परेशान होकर बीमार पड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग के अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था सुचारु नहीं की गई तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।।
