गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसायटी में बड़ा हादसा: 15वीं मंजिल से गिरकर 4 साल के मासूम की दर्दनाक मौत!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर ओमिक्रॉन-1ए की लोहिया एन्क्लेव सोसायटी में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। सोसायटी के एक फ्लैट की 15वीं मंजिल से गिरकर 4 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया, जबकि सोसायटी में रहने वाले लोग भी हादसे से स्तब्ध हैं।
जानकारी के मुताबिक, लोहिया एन्क्लेव सोसायटी के टॉवर-D के एक फ्लैट में रेनोवेशन का काम चल रहा था। बलिया निवासी अरुण अपनी पत्नी के साथ फ्लैट में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका 4 वर्षीय बेटा अंश फ्लैट में खेल रहा था। बताया जा रहा है कि खेलते-खेलते बच्चा बालकनी और खिड़की के पास पहुंच गया। फ्लैट में सुरक्षा ग्रिल नहीं लगी होने के कारण अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह 15वीं मंजिल से नीचे जा गिरा।
मासूम के नीचे गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में बच्चे को उठाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलने के बाद कासना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। हालांकि परिजनों की ओर से किसी प्रकार की लिखित शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे हादसा माना है।
इस दर्दनाक घटना के बाद सोसायटी में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई फ्लैटों में सुरक्षा ग्रिल और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम अधूरे हैं। लोगों ने बिल्डर और संबंधित अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि हाईराइज इमारतों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
सोसायटी के निवासियों का कहना है कि यदि फ्लैट में उचित सुरक्षा व्यवस्था होती तो शायद मासूम की जान बचाई जा सकती थी। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और लोग लगातार बिल्डिंग सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग कर रहे हैं।।
