मंगलवार, 19 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-63 में चलते-चलते बनी कार आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा सेक्टर-63 में चलते-चलते बनी कार आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र से देर रात एक बेहद डराने वाली घटना सामने आई, जहां सड़क पर दौड़ रही एक कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते कार में भीषण आग भड़क उठी और कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन धूं-धूं कर जलने लगा। हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत चलती कार से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सेक्टर-63 इलाके से गुजर रही थी तभी अचानक वाहन के इंजन से धुआं निकलना शुरू हुआ। चालक कुछ समझ पाता उससे पहले ही आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर आग की ऊंची लपटें देखकर आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तुरंत पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना सेक्टर-63 पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्रारंभिक जांच में कार में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और वाहन में आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इस घटना ने एक बार फिर वाहन सुरक्षा और समय-समय पर कार की तकनीकी जांच कराने की जरूरत को उजागर कर दिया है। अगर चालक समय रहते कार से बाहर नहीं निकलता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।।