गौतमबुद्धनगर: नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॉल में देर रात बवाल, महिला मित्र को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट!!
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मारपीट का वीडियो, पुलिस जांच में जुटी
दो टूक//नोएडा। नोएडा का चर्चित गार्डन गैलेरिया मॉल एक बार फिर विवादों के चलते सुर्खियों में आ गया है। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-38A स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे की हालत में मौजूद दो गुटों के बीच कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों गुट देर रात मॉल के एक रेस्टोरेंट और पार्टी एरिया में मौजूद थे। इसी दौरान महिला मित्र को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर टूट पड़े। मॉल परिसर में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक हंगामा चलता रहा। मारपीट के दौरान वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कई लोग मौके से हटते नजर आए।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक एक-दूसरे पर मुक्कों और लातों से हमला कर रहे हैं। मौके पर मौजूद कुछ लोग इस घटना का वीडियो बनाते रहे, जो बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया है।
बताया जा रहा है कि गार्डन गैलेरिया मॉल पहले भी इस तरह की घटनाओं को लेकर चर्चा में रहा है। देर रात तक चलने वाली पार्टियां, शराब और नशे के माहौल को लेकर मॉल का नाम कई बार विवादों में आ चुका है। पूर्व में भी यहां मारपीट, हंगामा और आपराधिक घटनाओं के मामले सामने आते रहे हैं, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल उठते रहे हैं।
घटना का संज्ञान लेते हुए थाना सेक्टर-39 पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की जांच कर संबंधित युवकों की पहचान की जा रही है और पूरे मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मॉल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गार्डन गैलेरिया मॉल में देर रात तक होने वाली पार्टियों और शराबखोरी पर सख्ती से निगरानी की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।।
