सोमवार, 11 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: खेल-खेल में बुझ गई जिंदगी: नोएडा में मासूम पर गिरा लोहे का गेट, दर्दनाक मौत!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: खेल-खेल में बुझ गई जिंदगी: नोएडा में मासूम पर गिरा लोहे का गेट, दर्दनाक मौत!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा। शहर के सेक्टर-93 स्थित गेझा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के बाहर खेल रहे एक मासूम बच्चे की उस समय मौत हो गई, जब वह लोहे के भारी गेट पर झूल रहा था और अचानक गेट उखड़कर उसके ऊपर गिर पड़ा। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि घटना का CCTV वीडियो सामने आने के बाद लोग भी स्तब्ध हैं।

जानकारी के अनुसार, बच्चा घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह मुख्य लोहे के गेट पर झूलने लगा। इसी दौरान अचानक गेट अपनी पकड़ से उखड़ गया और सीधे उसके ऊपर आ गिरा। भारी गेट सिर पर गिरने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

गेट गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और पड़ोसी मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह भारी गेट को हटाकर बच्चे को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि पूरी घटना घर के पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में हादसे की भयावह तस्वीर साफ दिखाई दे रही है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर घरों में लगे भारी लोहे के गेट और सुरक्षा व्यवस्थाओं की मजबूती पर सवाल खड़े करता है। थोड़ी सी लापरवाही किस तरह एक परिवार की खुशियां छीन सकती है, गेझा गांव की यह घटना उसका दर्दनाक उदाहरण बन गई।।