सोमवार, 11 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: शादी में गया परिवार, पीछे से टूटा आशियाना: दादरी में CCTV के सामने लाखों की चोरी, 5 दिन बाद भी FIR नहीं !!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: शादी में गया परिवार, पीछे से टूटा आशियाना: दादरी में CCTV के सामने लाखों की चोरी, 5 दिन बाद भी FIR नहीं !!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

ग्रेटर नोएडा के दादरी में बेखौफ चोरों ने बंद मकान को बनाया निशाना, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

दो टूक//ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां शादी समारोह में गए एक परिवार के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी कर ली। चोर घर का गेट तोड़कर अंदर घुसे और नकदी, ज्वेलरी समेत कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद होने के बावजूद पीड़ित परिवार पिछले पांच दिनों से मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने के चक्कर काट रहा है।

जानकारी के अनुसार, दादरी के सेक्टर MU-1 निवासी परिवार किसी रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए घर से बाहर गया हुआ था। परिवार जब 6 मई को वापस लौटा तो घर का मुख्य गेट टूटा मिला और अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। घर में रखी नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान गायब था। चोरी की इस वारदात के बाद परिवार के होश उड़ गए।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि चोर लोहे की रॉड से गेट तोड़कर घर में दाखिल हुए और पूरी वारदात को अंजाम दिया। आसपास लगे CCTV कैमरों में संदिग्ध गतिविधियां और चोरी की घटना रिकॉर्ड हुई है। इसके बावजूद अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से परिवार खुद को असहाय महसूस कर रहा है।

पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल दादरी थाना पुलिस को दी गई थी, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। परिवार लगातार थाने के चक्कर काट रहा है और पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की गुहार लगा रहा है, लेकिन अभी तक केवल आश्वासन ही मिल रहा है।

इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दादरी और आसपास के इलाकों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होने से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब चोरी की पूरी वारदात CCTV में कैद है, तब भी पीड़ित को न्याय के लिए क्यों भटकना पड़ रहा है? दादरी थाना पुलिस की कार्यशैली को लेकर स्थानीय लोगों के बीच कई सवाल खड़े हो रहे हैं।।