सोमवार, 11 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन: ई-रिक्शा चोरी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, चोरी के 3 ई-रिक्शा बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन: ई-रिक्शा चोरी करने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, चोरी के 3 ई-रिक्शा बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी के तीन ई-रिक्शा बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में लगातार बढ़ रही ई-रिक्शा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस के अनुसार, दिनांक 10 मई 2026 को थाना सेक्टर-63 पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर एफएनजी गोलचक्कर के पास से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित यादव, शिवम नागर और शशि भूषण ठाकुर के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने मिलकर विभिन्न स्थानों से ई-रिक्शा चोरी किए थे। चोरी के बाद वे ई-रिक्शाओं को एक-दो दिन के भीतर बेचने की तैयारी में थे, ताकि जल्दी पैसा कमाया जा सके। आरोपियों ने यह भी कबूल किया कि चोरी किए गए तीनों ई-रिक्शाओं की बैटरियां निकालकर राह चलते एक फेरी वाले को बेच दी थीं। बैटरियों की बिक्री से मिले पैसों को तीनों ने आपस में बराबर बांट लिया और उसे खाने-पीने व घूमने-फिरने में खर्च कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी कम पढ़े-लिखे हैं और जल्दी पैसा कमाने की लालच में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का किसी बड़े चोरी गिरोह से संबंध तो नहीं है और इनके द्वारा पहले भी ऐसी घटनाएं की गई हैं या नहीं।

गिरफ्तार अभियुक्तों में अंकित यादव निवासी ग्राम छिजारसी, उम्र करीब 22 वर्ष, शिवम नागर निवासी ग्राम छिजारसी, उम्र करीब 21 वर्ष तथा शशि भूषण ठाकुर निवासी बलिया, वर्तमान पता छिजारसी, उम्र करीब 24 वर्ष शामिल हैं।

इस मामले में थाना सेक्टर-63 में मु0अ0सं0 177/2026 के तहत धारा 303(2) और 317(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।