सोमवार, 11 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: सामान्य जन चेतना मंच को मिला नया नेतृत्व, गिरीश मिश्रा बने जिला अध्यक्ष!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सामान्य जन चेतना मंच को मिला नया नेतृत्व, गिरीश मिश्रा बने जिला अध्यक्ष!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। राष्ट्रीय विकल्प मोर्चा को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में सामान्य जन चेतना मंच (एसजीसीएम) ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए सामाजिक कार्यकर्ता गिरीश मिश्रा को जिला अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके मनोनयन की घोषणा एसजीसीएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज त्रिपाठी द्वारा की गई। इस घोषणा के बाद संगठन और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा गिरीश मिश्रा को बधाई देने वालों का तांता लग गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े पदाधिकारी, बुद्धिजीवी और समाजसेवी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने गिरीश मिश्रा के सामाजिक योगदान और संगठनात्मक क्षमता की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में मंच जनहित और राष्ट्रहित के मुद्दों पर और अधिक मजबूती के साथ कार्य करेगा।

इस अवसर पर ब्राह्मण समाज महासंघ के जिला अध्यक्ष दिनेश मिश्रा, एसजीसीएम नोएडा प्रभारी राजेश झा, वरिष्ठ पत्रकार प्रफुल्ल पांडेय, संजय झा, आदित्य त्रिपाठी, ब्राह्मण समाज महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के.के. मिश्रा, अशोक झा, मनीष पांडेय, प्रभाकर झा, मनोज, आशुतोष झा और सुनील कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गिरीश मिश्रा लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। विशेष रूप से यूजीसी से जुड़े काले कानून के विरोध में उन्होंने नोएडा में स्वर्ण समाज के लोगों को एकजुट करने का कार्य किया था, जिसकी काफी चर्चा रही। सामाजिक मुद्दों पर उनकी सक्रियता और संघर्षशील छवि को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष गिरीश मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय विकल्प मोर्चा का गठन छोटे-बड़े सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों को एक मंच पर लाकर सामूहिक रूप से समाजहित में कार्य करने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन समाज के हर वर्ग की आवाज को मजबूती देने और जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं एसजीसीएम के नोएडा प्रभारी राजेश झा ने बताया कि मोर्चा से जुड़े सभी संगठनों की सर्वसम्मति से अनिल मिश्रा को राष्ट्रीय अध्यक्ष, चंद्रभूषण पांडेय को राष्ट्रीय संयोजक और पंकज त्रिपाठी को राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन विभिन्न सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक स्तर पर अभियान चलाएगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने गिरीश मिश्रा को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय, मजबूत और जनसरोकारों से जुड़ा बनाने का संकल्प लिया।।