गौतमबुद्धनगर: कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की सख्त पुलिसिंग का असर: सेक्टर-113 पुलिस ने लैपटॉप चोरी करने वाले शातिर गैंग का किया पर्दाफाश, 31 लैपटॉप बरामद!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। कमिश्नरेट पुलिस की सक्रियता और प्रभावी रणनीति का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में थाना सेक्टर-113 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी करने वाले शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी के 31 लैपटॉप, तीन लैपटॉप बैग, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, 14 हजार रुपये नकद तथा फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार थाना सेक्टर-113 प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर ग्राम सोरखा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान लविश कुमार निवासी पतवाड़ी, अंकित यादव निवासी पतवाड़ी और राजेन्द्र वर्मा निवासी अमेठी हाल निवासी सादुल्लापुर के रूप में हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी रात के समय चोरी की मोटरसाइकिल से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के मॉल, रेस्टोरेंट और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचते थे। आरोपी पहले छोटी टॉर्च की मदद से कारों के अंदर रखे लैपटॉप बैग और अन्य कीमती सामान की पहचान करते थे। इसके बाद शीशा तोड़ने वाली पोर्टेबल मशीन से कुछ ही सेकंड में वाहन का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी कर फरार हो जाते थे। चोरी के बाद आरोपी सामान को सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे और बाद में बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों का भी पता लगाने में जुटी हुई है।
थाना सेक्टर-113 प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार की कार्यशैली और अपराध नियंत्रण को लेकर की जा रही सख्त कार्रवाई की क्षेत्र में लगातार सराहना हो रही है। उनकी टीम ने सूझबूझ, सतर्कता और तकनीकी निगरानी के दम पर इस बड़े गैंग का पर्दाफाश कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अपराधियों के खिलाफ बड़ा संदेश बताया है।
बरामद सामान
- चोरी के 31 लैपटॉप
- 03 लैपटॉप बैग
- टॉर्च और शीशा तोड़ने वाली पॉकेट मशीन
- ₹14,000 नकद
- फर्जी नंबर प्लेट सहित चोरी की मोटरसाइकिल
- 01 हेल्थ कार्ड
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और संभावना है कि इनके जरिए कई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।।
