बुधवार, 27 मई 2026

ईद-उल-अज़हा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट, शहरभर में फ्लैग मार्च और सघन चेकिंग अभियान!!

शेयर करें:

ईद-उल-अज़हा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट, शहरभर में फ्लैग मार्च और सघन चेकिंग अभियान!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर। आगामी ईद-उल-अज़हा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर कमिश्नरेट के तीनों जोन—नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा—में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है।

अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र के निर्देशन तथा संबंधित डीसीपी और एडीसीपी के पर्यवेक्षण में पुलिस अधिकारियों ने जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।

इसी क्रम में सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च और फुट पेट्रोलिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते रोका जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

त्योहार के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और व्यापारियों के साथ संवाद स्थापित कर आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों को सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की सलाह देते हुए अफवाहों से सतर्क रहने को कहा।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और जनपद में शांति एवं सुरक्षा का माहौल कायम रखा जा सके।।