गौतमबुद्धनगर: जनगणना-2027 में कर्मचारियों की भारी कमी, नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी खुद उतरे मैदान में!!
हाईकोर्ट के आदेश के बाद निजी स्कूलों के शिक्षकों ने छोड़ा काम, सोसाइटियों के सहयोग से व्यवस्था संभालने में जुटा प्रशासन
दो टूक//नोएडा। प्रदेशभर में शुरू हुई जनगणना-2027 की प्रक्रिया के बीच नोएडा प्राधिकरण को कर्मचारियों की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। निजी स्कूलों के शिक्षकों द्वारा जनगणना कार्य से खुद को अलग किए जाने के बाद करीब 800 कर्मचारियों की कमी पैदा हो गई है। स्थिति को संभालने के लिए अब नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी खुद मैदान में उतर गए हैं और विभिन्न सोसाइटियों में जाकर जनगणना कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं।
नोएडा प्राधिकरण ने जनगणना की तैयारियों के तहत पहले ही 2300 प्रगणकों और 335 सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया था। लेकिन जनगणना शुरू होने से ठीक पहले निजी स्कूलों की ओर से माननीय उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की गई। अदालत के आदेश के बाद निजी स्कूलों के शिक्षकों ने जनगणना कार्य से दूरी बना ली, जिससे प्रशासन के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए नोएडा प्राधिकरण ने अपने महाप्रबंधकों, वरिष्ठ प्रबंधकों और अन्य अधिकारियों को सीधे फील्ड में उतार दिया। इसी क्रम में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी ने सेक्टर-120 स्थित अम्रपाली ज़ोडियक सोसाइटी समेत सेक्टर-117 और 119 की कई सोसाइटियों का दौरा कर जनगणना कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लोगों से सहयोग की अपील की।
प्राधिकरण की अपील के बाद कई सोसाइटियों ने भी सकारात्मक रुख दिखाया। स्थानीय स्तर पर लोगों और सोसाइटी प्रबंधन ने कर्मचारियों की व्यवस्था कर प्रशासन का सहयोग शुरू कर दिया है। इससे जनगणना कार्य को गति मिलने लगी है।
वहीं विशेष कार्याधिकारी एवं भारसाधन (चार्ज) अधिकारी श्री इंदु प्रकाश सिंह को सेक्टर-75 की विभिन्न सोसाइटियों में भेजा गया, जहां उन्होंने जनगणना कार्य को व्यवस्थित कराने में अहम भूमिका निभाई।
अधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से स्थानीय सोसाइटियां और निवासी सहयोग कर रहे हैं, उससे उम्मीद है कि अगले दो दिनों में प्रगणकों और सुपरवाइजरों की कमी पूरी कर ली जाएगी और जनगणना कार्य पूरी रफ्तार से शुरू हो जाएगा।
नोएडा प्राधिकरण का मानना है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में जनसहभागिता बेहद जरूरी है और नागरिकों के सहयोग से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।।
