गौतमबुद्धनगर: यमुना एक्सप्रेसवे पर दौड़ती थार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार से दौड़ रही एक महिंद्रा थार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना यमुना एक्सप्रेसवे के 17 किलोमीटर पॉइंट के पास की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार गाड़ी एक्सप्रेसवे पर तेज गति से आगे बढ़ रही थी, तभी अचानक बोनट से धुआं निकलता दिखाई दिया। चालक ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तुरंत गाड़ी रोकी और समय रहते वाहन से बाहर निकल गया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। अगर चालक थोड़ी भी देर करता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
चलती गाड़ी में आग लगने की सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे पर हड़कंप मच गया। राहगीरों ने घटना की जानकारी तुरंत दमकल विभाग को दी। सूचना पर फायर स्टेशन इकोटेक प्रथम और फायर स्टेशन जेवर की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक थार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की विस्तृत जांच में जुटी हैं। घटना के दौरान एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों में सुरक्षा और नियमित तकनीकी जांच की जरूरत को उजागर कर दिया है। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबी दूरी की यात्रा से पहले वाहन की वायरिंग, बैटरी और इंजन की जांच जरूर करानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद एक्सप्रेसवे से गुजर रहे लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिला।।
