बुधवार, 13 मई 2026

गौतमबुद्धनगर: जेवर एयरपोर्ट से हवाई सफर हुआ किफायती, फ्लाइट किरायों में बड़ी कटौती; यात्रियों को मिली राहत!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जेवर एयरपोर्ट से हवाई सफर हुआ किफायती, फ्लाइट किरायों में बड़ी कटौती; यात्रियों को मिली राहत!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। आगामी 15 जून से संचालन शुरू होने जा रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। शुरुआती दौर में महंगे टिकटों को लेकर उठे सवालों और जनप्रतिनिधियों की आपत्ति के बाद अब विभिन्न एयरलाइंस कंपनियों ने अपने किरायों में उल्लेखनीय कटौती कर दी है। इसके साथ ही यूजर डेवलपमेंट फीस (UDF) में भी कमी की गई है, जिससे यात्रियों का सफर पहले की तुलना में काफी सस्ता हो जाएगा।

जानकारी के अनुसार, Akasa Air ने ग्रेटर नोएडा से बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट के किराए में बड़ा बदलाव किया है। सोमवार तक जिस टिकट की कीमत 8,532 रुपये दिखाई जा रही थी, उसे घटाकर मंगलवार को लगभग 6,500 रुपये कर दिया गया।

वहीं IndiGo ने भी यात्रियों को राहत देते हुए नोएडा से लखनऊ रूट के किराए में कमी की है। पहले यह किराया 4,881 रुपये निर्धारित था, जिसे अब घटाकर 3,394 रुपये कर दिया गया है। किराए में आई इस कमी से यात्रियों में उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से लोग जेवर एयरपोर्ट से किफायती हवाई सेवाओं की उम्मीद कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर बढ़े हुए किरायों और शुल्कों को लेकर सबसे पहले जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने आवाज उठाई थी। उन्होंने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री Narendra Modi को पत्र लिखकर यात्रियों पर पड़ रहे अतिरिक्त आर्थिक बोझ की ओर ध्यान आकर्षित कराया था।

इसके बाद एयरपोर्ट से जुड़े प्रबंधन और नियामक संस्थाओं द्वारा शुल्कों की समीक्षा की गई। जानकारी के मुताबिक, AIRA द्वारा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यूजर डेवलपमेंट फीस (UDF) में भी कमी की गई है। अब घरेलू उड़ानों के यात्रियों के लिए UDF शुल्क 210 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए यह शुल्क 420 रुपये तय किया गया है।

स्थानीय लोगों और यात्रियों का मानना है कि किरायों में यह कटौती जेवर एयरपोर्ट को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाएगी और दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को एक नया एवं किफायती विकल्प उपलब्ध कराएगी। माना जा रहा है कि एयरपोर्ट संचालन शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी होगी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ आसपास के राज्यों के लोगों को भी इसका बड़ा लाभ मिलेगा।।