गौतमबुद्धनगर: बेनेट यूनिवर्सिटी की कैंटीन में छात्रों के बीच मारपीट, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा Bennett University की कैंटीन में छात्रों के बीच मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। खाना खाने के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते जमकर मारपीट में बदल गया। कैंटीन के भीतर हुई इस हाथापाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, घटना Dadri थाना क्षेत्र स्थित बेनेट यूनिवर्सिटी की कैंटीन की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्रों के बीच पहले किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के छात्र एक-दूसरे से भिड़ गए। कैंटीन में मौजूद अन्य छात्रों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर तक वहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
वायरल वीडियो में कई छात्र एक-दूसरे पर हाथ उठाते और धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान कैंटीन में मौजूद छात्रों में दहशत का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस द्वारा कैंटीन में मौजूद छात्रों से पूछताछ की जा रही है तथा वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संबंधित छात्रों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं यूनिवर्सिटी प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।।
